GORAKHPUR जिले के टॉप टेन बदमाशों में पिपरौली ब्लाक प्रमुख भी
पिपरौली ब्लॉक प्रमुख सुधीर सिंह सहित 10 लोगों को गोरखपुर पुलिस ने जिले के टॉप टेन बदमाशों की सूची में शामिल किया है। सुधीर सिंह के अलावा माफिया प्रदीप सिंह, विनोद उपाध्याय और अयोध्या जायसवाल का नाम भी सूची में है। इसमें शामिल रविन्द्र ढाढ़ी की पिछले दिनों हत्या हो गई है, लिहाजा अब उसकी जगह किसी अन्य बदमाश का नाम शामिल करने की तैयारी है।
यूपी में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने प्रदेश के सभी जिलों से टॉप टेन बदमाशों की एक सूची तैयार करानी शुरू कर दी है। इस सूची में उन लोगों का नाम मांगा गया है जिनके खिलाफ सख्ती से पूरे जिले में शांति कायम रह सकेगी। इसी क्रम में गोरखपुर पुलिस ने ब्लाक प्रमुख सुधीर सिंह सहित अन्य 10 लोगों का नाम शासन को भेजा है। लिस्ट में शामिल बदमाशों में चार जमानत पर बाहर हैं जबकि पांच फरार चल रहे हैं। इनमें चार हत्याओं के बाद फरार चल रहा एक लाख का इनामी राघवेन्द्र यादव भी शामिल है। जबकि एक बदमाश की हत्या हो चुकी है।
टॉप टेन पर कड़ी निगरानी : इस सूची पर एसएसपी को नजर रखनी है। जमानत पर बाहर निकले बदमाशों पर थाने की पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच भी कड़ी नजर रखेगी। वहीं हर महीने इनकी गतिविधियों पर समीक्षा भी होगी। जबकि जो फरार हैं उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई जाएंगी।
जिले के टॉप टेन बदमाश व उन पर दर्ज मुकदमे
गोरखपुर के टॉप टेन में पहले नम्बर पर झंगहा का एक लाख का इनामी राघवेन्द्र यादव है। उस पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर वह फरार है। दूसरे नम्बर पर प्रदीप सिंह का नाम है। प्रदीप पर 51 मुकदमे हैं और वह जमानत पर बाहर है। जबकि तीसरा नाम सुधीर सिंह का है। सुधीर पर 27 मुकदमे हैं। वह पिपरौली का ब्लाक प्रमुख है। चौथे नम्बर पर विनोद उपाध्याय का नाम है। विनोद जमानत पर है उसके खिलाफ 27 मुकदमे हैं। पांचवे नम्बर पर अयोध्या जायसवाल का नाम है। उस पर 17 मुकदमे हैं। वह भी जमानत पर बाहर है। छठे नम्बर पर रविन्द्र ढाढ़ी का नाम था। उस पर 32 मुकदमा दर्ज हैं। रविन्द्र ढाढ़ी की 22 नवम्बर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लिहाजा अब उसका नाम निकाला जाएगा। इसके अलावा बलिराम तिवारी, हरिकृष्ण मिश्रा, मनीष साहनी और मुजम्मिल उर्फ बाबू शेख भी इस सूची में शामिल हैं। इन सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम है।
टॉप टेन बदमाशों की लिस्ट में प्रदीप, सुधीर, विनोद, अयोध्या, रविन्द्र आदि का नाम शामिल है। रविन्द्र ढाढ़ी की पिछले दिनों हत्या हो चुकी है उसका नाम निकाल कर दूसरे का नाम उसकी जगह शामिल किया जाएगा। जो जमानत पर बाहर हैं उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जो फरार हैं उनकी तलाश और तेज की जा रही है।
डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, एसएसपी